महेश नवमी पर रावतसर को बड़ी सौगात, राजेश सोमानी जिला अध्यक्ष और नोरंग सोमानी जिला सचिव निर्विरोध निर्वाचित
रावतसर _पुरुषोत्तम दत्त,21 जून
माहेश्वरी समाज सेवा समिति (रजि.) एवं माहेश्वरी महिला मंडल रावतसर के तत्वावधान में रविवार को महेश नवमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से दिनभर माहौल भक्तिमय बना रहा। इस दौरान रावतसर को एक बड़ी संगठनात्मक सौगात भी मिली, जब जिला माहेश्वरी महासभा के चुनाव में रावतसर के राजेश सोमानी जिला अध्यक्ष और नोरंग सोमानी जिला सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।



महेश नवमी के अवसर पर आयोजित जिला माहेश्वरी महासभा के चुनाव में जिले की आठों तहसील इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिला अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र राजेश सोमानी का तथा जिला सचिव पद के लिए नोरंग सोमानी का एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ। निर्धारित समयावधि तक अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने पर निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश करवा (सांगरिया) ने दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

इस अवसर पर उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रादेशिक अध्यक्ष मनोज चितलागिया, प्रदेश सचिव पवन सोमानी, जिला अध्यक्ष रविशंकर मूंधड़ा, रतनलाल लाहोटी सहित प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी और विभिन्न तहसील इकाइयों से आए समाजजन मौजूद रहे।
सायंकाल माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा वेजीटेबल ज्वैलरी प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता, तंबोला, वन मिनट गेम शो और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
दिनभर चले कार्यक्रमों का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान समाज में एकता, सौहार्द और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला।